परीक्षा विभाग ने जारी किया सत्र 2023-25 की परीक्षा का शेड्यूल

Chhapra/छपरा.जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने पीजी सेकंड सेमेस्टर सत्र 2023-25 की परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा छह जनवरी से प्रारंभ होगी. परीक्षा का शेड्यूल वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया है. कोर कोर्स के विषयों की परीक्षा छह से 10 जनवरी तक दो पालियों में आयोजित की जायेगी. जबकि एडिशनल अनिवार्य विषय की परीक्षा 12 जनवरी को दो पालियों में होगी. इसके बाद 16 से 18 जनवरी तक संबंधित कॉलेजों तथा विश्वविद्यालय के पीजी विभागों में प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन होगा. परीक्षा के लिए पीजी के सभी विषयों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में कॉमर्स, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, गणित, इतिहास, उर्दू, अंग्रेजी तथा हिंदी शामिल है. जबकि ग्रुप बी में भौतिकी, जूलॉजी, बॉटनी, केमिस्ट्री, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, भूगोल, होम साइंस तथा संस्कृत को रखा गया है. पहली पाली सुबह नौ बजे से 12 बजे तक होगी. जबकि दूसरी पाली दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है. परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि सराण जिला के सभी पीजी कॉलेजों तथा विश्वविद्यालय के 17 पीजी विभागों में नामांकित छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र विश्वविद्यालय स्थित मल्टीपरपस परीक्षा भवन को बनाया गया है. जबकि सीवान व गोपालगंज की पीजी कॉलेजों के छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र राजा सिंह कॉलेज सीवान को बनाया गया है. उन्होंने बताया कि इस समय इस सत्र के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया चल रही है. फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर दिया जायेगा.



