दाउदपुर थाना क्षेत्र के इनायतपुर मिश्र टोला स्थित टावर पर चढ़ी थी युवती, पुलिस मामले की कर रही जांच

Chapra/दाउदपुर.दाउदपुर थाना क्षेत्र के इनायतपुर मिश्र टोला में रविवार को प्रेमी को बुलाने व शादी की जिद पर अड़ी युवती ने मोबाइल टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ कर हाइ वोल्टेज ड्रामा किया. उसे उतारने के लिए प्रशासन प्रसासन को काफी मिन्नतें करनी पड़ी. आखिरकार साढ़े छ घंटे बाद पुलिस युवती को उतारने में कामयाब हुई. करीब 60 मीटर की ऊंचाई चढ़ गयी युवती की पहचान यूपी के आजमगढ़ निवासी अंजली राजभर के रूप में हुई. बताया जाता है कि वह सुबह करीब आठ बजे के दरम्यान टावर पर चढ़ी और काफी देर तक नीचे उतरने से इनकार करती रही. टावर पर चढ़ने से पहले उसने एक पत्र नीचे फेंका, जिसमें प्रेमी दाउदपुर थाना क्षेत्र के तकिया गांव निवासी अजय मांझी से शादी करने और कोर्ट मैरेज कराने की मांग की. ग्रामीणों के अनुसार युवती की मांग में सिंदूर भी भरा हुआ था, जिससे वह खुद को उसकी पत्नी बता रही थी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग तरह-तरह की चर्चा करने लगे. सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया. काफी देर तक समझाने-बुझाने के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई. जैसे जैसे तेज धूप और गर्मी बढ़ती गयी टावर के ऊपर बैठी युवती अस्थिर होने लगी. जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गयी. पुलिसकर्मी लगातार उससे बातचीत करते रहे और उसे सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश करते रहे. इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही, जिससे स्थिति को संभालना भी चुनौतीपूर्ण बना रहा. घंटो तक चले इस हाई वोल्टेज घटनाक्रम के बाद पुलिस पदाधिकारी व थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने साहस का परिचय देते हुए एक टावर टेक्नीशियन और अपनी टीम के साथ टावर पर चढ़कर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली. घटना को लेकर पूरे इलाके में दिनभर चर्चा होती रही, वहीं युवती द्वारा लगाये गये आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है, ताकि पूरे प्रकरण का स्थायी समाधान निकाला जा सके. पुलिस के जांच पड़ताल में अजय का भाई जो रविवार को ही गांव आया है. जिससे पुलिस पूरी जानकारी ले रही है.उधर अजय के भाई ने बताया कि युवती पर सागरपुर दिल्ली में इस संदर्भ में पहले भी केश दर्ज करा चुका है. गांव पर परिवार के कोई सदस्य नही है. वही पुलिस सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है.



