Saturday, May 9, 2026
spot_img
Homeछपरा न्यूजसारण के खोदाईबाग में एक ही परिवार की दो महिलाओं की संदिग्ध...

सारण के खोदाईबाग में एक ही परिवार की दो महिलाओं की संदिग्ध मौत के बाद सनसनी

सारण के खोदाईबाग में एक ही परिवार की दो महिलाओं की संदिग्ध मौत के बाद सनसनी

घटना के बाद परिजन फरार, एफएसएल टीम ने की जांच

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हो सकेगा मौत के कारणों का खुलासा

मायके वालों ने गला घोंट कर मार देने का लगाया है आरोप

घटना स्थल के बाहर जुटी भीड़
घटना स्थल के बाहर जुटी भीड़

Chhapra/नगरा.खैरा थाना क्षेत्र के खोदाईबाग गांव में शुक्रवार की सुबह एक ही परिवार की दो महिलाओं के शव अपने-अपने कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. दोनों महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी हैं. दोनों शव घर के अलग- अलग कमरों से बरामद किये गये. घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है. मृतकों की पहचान मोहन सिंह की 22 वर्षीय प्रीति कुमारी एवं नागा सिंह की 27 वर्षीय पत्नी ज्योति कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं घटना के बाद दोनों महिलाओं के पति, सास एवं ससुर घर छोड़कर फरार बताये जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है. ग्रामीणों के अनुसार परिवार में पिछले तीन दिनों से विवाद चल रहा था. स्थानीय लोगों ने बताया कि रुपए-पैसे को लेकर परिवार में अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी. घटना की रात दोनों महिलाओं के पति और ससुर पड़ोस में बारात गये हुए थे, जबकि सास घर के तीसरे मंजिल पर सोई थी. बड़ी बहू दूसरे मंजिल पर और छोटी बहू नीचे वाले कमरे में थी. बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे सास की नींद खुली तो बड़ी बहू अपने कमरे में छटपटा रही थी, जबकि नीचे कमरे में छोटी बहू मृत अवस्था में पड़ी थी. इसके बाद आनन-फानन में बड़ी बहू को इलाज के लिए निजी क्लीनिक ले जाया जा रहा था,लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गयी. ग्रामीणों ने बताया कि दोनों देवरानी-जेठानी के बीच काफी प्रेम था,लेकिन परिवार में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी. घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों महिलाओं के मायके पक्ष के लोग गांव पहुंच गये. मायके वालों का कहना है कि दोनों की गला घोंटकर हत्या की गयी है. उनका आरोप है कि दहेज के लिए यह हत्या की गयी है. वहीं इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान ने बताया कि घटना स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर जांच करायी गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. समाचार प्रेषण तक कोई आवेदन नहीं मिला था. फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है, जहां मेडिकल बोर्ड का गठन कर शव का पोस्टमार्टम कराये जाने की प्रक्रिया की जा रही है.

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments