जेपीयू में सीनेट की बैठक आयोजित, 913 करोड़ का बजट हुआ पारित
सीनेट की बैठक में जेपीयू को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने का खाका तैयार
मास्टर इन जर्नलिज्म, भोजपुरी तथा रूरल मैनेजमेंट को शुरू करने की भी तैयारी
एमसीए व एमबीए जैसे रोजगारपरक कोर्स भी शुरू किये जायेंगे
आठ नये सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने को लेकर भी बनी सहमति

Chhapra/ छपरा. जयप्रकाश विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में बुधवार को कुलपति प्रो परमेन्द्र कुमार बाजपेई की अध्यक्षता में सीनेट की बैठक आयोजित की गयी. इस बैठक में 913 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया. सीनेट की बैठक में जयप्रकाश विश्वविद्यालय को सेंटर आफ एक्सीलेंस बनाने पर विशेष जोर दिया गया. इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय में अगले सत्र से पीजी में नौ नये विषयों की पढ़ाई शुरू करने की बात कही गयी. कुलपति ने कहा कि नौ विषयों को शुरू करने की स्वीकृति मिल चुकी है. अगले सत्र से इसे शामिल कर लिया जायेगा. कुलपति ने कहा कि शोध के अवसर बढ़ाये जायेंगे. विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा छात्रों को मिले इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. पीजी के अंतर्गत अन्य कई नये कोर्स शुरू करने हैं. जिसका प्रस्ताव राजभवन को भेजा जा रहा है. पीजी छात्रों के लिए आठ नये सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किये जायेंगे. पहले से चले आ रहे 10 सर्टिफिकेट कोर्स को अब पूर्ण रूप से अप्रूवल मिल गया है. जिसकी नियमित रूप से पढ़ाई होगी. गंगा सिंह कॉलेज में पहले जो एलएलबी की पढ़ाई होती थी. उसे फिर से शुरू किया जायेगा. यह तीन वर्षीय पाठ्यक्रम होगा. पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के तर्ज पर पांच वर्षीय बीए एलएलबी का पाठ्यक्रम भी शुरू किया जायेगा. इसके लिए बार काउंसिल के पोर्टल पर आवेदन किया जा चुका है. जल्द ही अप्रूवल मिलेगा. विश्वविद्यालय में मास्टर इन जनरलिज्म, मास्टर इन भोजपुरी तथा मास्टर इन रूरल मैनेजमेंट एंड डेवलपमेंट के कोर्स को शुरू करने के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है.
एकेडमिक व इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को दी गयी प्राथमिकता
बैठक में कुलपति ने विश्वविद्यालय के विगत एक वर्ष की उपलब्धियों से सदन को अवगत कराया. इस दौरान उन्होंने विगत एक वर्ष में एकेडमिक, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी दी. बैठक में विश्वविद्यालय के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट को ध्वनिमत से पारित किया गया. बजट को कुल ग्यारह खंडों में विभक्त है. जिनका कुल योग नौ अरब तेरह करोड़ बयालीस लाख छिहत्तर हजार सात सौ बयालीस रुपये है. इसमें विश्वविद्यालय के आंतरिक स्रोतों से प्राप्त होने वाली कुल आय सत्तर करोड़ तेरह लाख पच्चीस हजार सात सौ छियालिस रुपया अनुमानित है. इस प्रकार प्राप्त होनेवाली संपूर्ण आय के सामंजन के पश्चात कुल आठ अरब तैंतालीस करोड़ उनतीस लाख पच्चास हजार नौ सौ छियानवे रुपये की समेकित मांग बजट के माध्यम से राज्य सरकार से की गयी है. बैठक में सीनेट सदस्य व विधान पार्षद प्रो वीरेंद्र नारायण यादव, विधान पार्षद आफाक आलम तथा छपरा विधि मंडल के सचिव रविरंजन प्रसाद सिंह ने कई प्रश्न उठाये जिनका बिन्दुवार उत्तर उत्तर कुलपति द्वारा दिया गया. साइंस डीन प्रो केपी श्रीवास्तव ने एकेडमिक कैलेंडर, परीक्षा कैलेंडर, स्पोर्ट्स कैलेंडर तथा सांस्कृतिक कैलेंडर को सख्ती से लागू किये जाने का प्रस्ताव रखा. जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. बैठक में सीनेट की गत बैठक में पारित प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया. साथ ही नव संबद्धता एवं संबंधन समिति, विद्वत परिषद तथा सिंडिकेट की बैठक में पारित प्रस्तावों का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया. विश्वविद्यालय के बजट को वित्तीय परामर्शी इंद्र कुमार ने प्रस्तुत किया. वहीं, कुलसचिव प्रो नारायण दास ने कार्यवृत्त को सदन के समक्ष रखा. अध्यक्ष के आदेश पर डीएसडब्ल्यू प्रो राणा विक्रम सिंह और निदेशक, दूरस्थ शिक्षा प्रो अजित कुमार तिवारी ने विश्वविद्यालय के एकेडमिक एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय निरीक्षक प्रो उदय अरविंद ने किया.
बैठक में संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, प्राचार्य सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.



