
छपरा.किलकारी बिहार बाल भवन सारण से जुड़ी प्रतिभाशाली छात्रा दुर्गा कुमारी का चयन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन संचालित प्रतिष्ठित सीसीआरटी (सेंटर ऑफ कल्चरल रिसोर्स फॉर ट्रेनिंग) स्कॉलरशिप योजना के अंतर्गत लोक नृत्य विधा में हुआ है. किलकारी से प्रशिक्षण प्राप्त कर दुर्गा कुमारी ने यह मुकाम हासिल किया है. साथ ही, यह उनके विद्यालय राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, छपरा के लिए भी गौरव का क्षण है कि विद्यालय की छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनायी है. सीसीआरटी भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण संस्था है, जो देशभर के बच्चों में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्य करती है. इस योजना के तहत संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, लोक एवं पारंपरिक कलाओं सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभाशाली बच्चों का चयन कर उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे वह अपनी कला को और बेहतर ढंग से विकसित कर सकें. दुर्गा कुमारी एक साधारण एवं मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं और पिछले दो वर्षों से किलकारी बिहार बाल भवन से जुड़कर लोक नृत्य का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं. किलकारी में बच्चों को विभिन्न कलाओं में निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चे भी अपनी प्रतिभा को निखार सकें. दुर्गा की यह सफलता इसी प्रशिक्षण, उनकी मेहनत और समर्पण का प्रतिफल है. यह उपलब्धि मुख्य रूप से किलकारी के प्रशिक्षण का परिणाम है, वहीं दूसरी ओर उनके विद्यालय राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, छपरा के लिए भी यह अत्यंत खुशी और गर्व की बात है कि उनकी छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप में स्थान प्राप्त किया है. इस अवसर पर किलकारी, छपरा की सीपीसी मीरा कुमारी ने कहा कि दुर्गा की सफलता यह दर्शाती है कि किलकारी में दिये जा रहे निःशुल्क प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन के माध्यम से बच्चे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं. यह हमारे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है और अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा भी है. लोक नृत्य प्रशिक्षक मोहम्मद आरिफ का योगदान इस सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है. पिछले वर्ष 2024-25 में लोकनृत्य विधा से दीक्षा कुमारी का चयन हुआ था. पिछले दो वर्षों से किलकारी सारण के नृत्य विधा के बच्चे सीसीआरटी छात्रवृत्ति में लगातार अपनी जगह बना रहे है .



