Chhapra/छपरा.बिहार राज्य विश्वविद्यालय अतिथि सहायक प्राध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा सहित बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों में कार्यरत अतिथि सहायक प्राध्यापकों की समस्याओं एवं उनके समायोजन की मांग को लेकर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की तथा उन्हें एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा. इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष डॉ हरिमोहन कुमार ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राज्य के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में वर्षों से कार्यरत अतिथि प्राध्यापक शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. इसके बावजूद उनकी सेवा अस्थायी बनी हुई है, जिससे उनका भविष्य अनिश्चित है. उन्होंने बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र का उल्लेख करते हुए आग्रह किया कि उक्त निर्देशों के आलोक में अतिथि प्राध्यापकों का समुचित समायोजन शीघ्र किया जाये. प्रतिनिधिमंडल में शामिल डॉ साने अली एवं डॉ धीरज सिंह ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अतिथि शिक्षकों की समस्याओं को विस्तार से रखा और कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के साथ न्यायसंगत निर्णय लिया जाना आवश्यक है, जिससे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और निरंतरता बनी रह सके. मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना एवं इस विषय पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया. संघ ने आशा व्यक्त की है कि सरकार अतिथि प्राध्यापकों के हित में शीघ्र ठोस एवं मानवीय निर्णय लेगी.



